चंबा। मेडिकल कॉलेज में 50 फीसदी विशेषज्ञों की कमी से जूझ रहा है। इसके बावजूद मेडिकल कॉलेज में छुट्टी वाले दिन भी मरीजों को विशेषज्ञ की सेवाएं मिल रही हैं। वार्ड में उपचाराधीन मरीजों सहित आपातकाल में आने वाले मरीजों का इलाज करने के लिए विशेषज्ञ छुट्टी वाले दिन अस्पताल पहुंच रहे हैं। इससे पहले यहां इस प्रकार की व्यवस्था नहीं थी।
विशेषज्ञ केवल ओपीडी और वर्किंग डे में ही उपलब्ध होते थे, लेकिन मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने विशेषज्ञों की ड्यूटी छुट्टी वाले दिन लगाकर मरीजों को राहत पहुंचाने का कार्य किया है। रविवार को शिशु रोग वार्ड में विशेषज्ञ ने पहले सभी उपचाराधीन मरीजों का स्वास्थ्य जांचा। इसके उपरांत उन्होंने वार्ड में बैठकर अन्य बीमारी बच्चों की जांच करके उन्हें चिकित्सीय परामर्श दिए। इसी प्रकार से अन्य वार्डों में भी संबंधित विशेषज्ञ उपचाराधीन मरीजों की जांच करते हुए नजर आए।
तीमारदार सुरेश कुमार, संजय शर्मा, विनोद कुमार, हंसराज, केवल, मनोज कुमार और योगराज ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में भले ही विशेषज्ञों की कमी चल रही हो, लेकिन छुट्टी वाले दिन भी मरीजों को विशेषज्ञ की सेवाएं मिलना राहत की बात है। इसके लिए उन्होंने सरकार और मेडिकल कॉलेज प्रशासन काे बधाई दी है। यहां जिले की पौने छह लाख आबादी स्वास्थ्य सेवाएं पाने के लिए निर्भर रहती है।
छुट्टी वाले दिन एक विशेषज्ञ वार्ड में मरीजों की जांच करने के लिए अवश्य जाता है। इसके अलावा आपातकालीन परिस्थिति में यदि किसी विशेषज्ञ की जरूरत पड़ती है तो उसे भी फोन करके बुलाया जा सकता है। डॉ. मानिक सहगल, प्रवक्ता, मेडिकल कॉलेज चंबा