चंबा। राजकीय महाविद्यालय चंबा में जल्द सोलर प्लांट स्थापित किया जाएगा। इसके लिए कॉलेज प्रशासन ने कवायद शुरू दी है। कॉलेज प्रशासन ने करीब नौ लाख 76 हजार की राशि हिम ऊर्जा प्रबंधन को भेज दी है। साथ ही अन्य औपचारिकताएं भी पूरी कर ली गई हैं। कॉलेज में सोलर प्लांट स्थापित होने से जहां कॉलेज में बिजली की खपत कम होगी तो वहीं, दूसरी तरफ कॉलेज में बिजली गुल होने की समस्या भी नहीं रहेगी और विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित नहीं होगी।
जानकारी के मुताबिक जिला मुख्यालय के सुल्तानपुर स्थित चंबा कॉलेज जिले का सबसे बड़ा शिक्षण संस्थान है। यहां करीब साढ़े चार हजार विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण करते हैं। चंबा सहित जिले के तीसा, सलूणी, पांगी, भरमौर, भटियात, बनीखेत और डलहौजी उपमंडल से भी विद्यार्थी कॉलेज में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। कॉलेज प्रशासन की ओर से विद्यार्थियों को हर सुविधा प्रदान की जा रही है। विद्यार्थियों के लिए स्मार्ट कक्षाओं की व्यवस्था की गई है तो वहीं, पूरा कैंपस सीसीटीवी की निगरानी में है। बहरहाल, अब कॉलेज में सोलर प्लांट की स्थापना करने में कॉलेज प्रशासन जुट गया है। कॉलेज प्राचार्य डॉ. शिवदयाल शर्मा ने खबर की पुष्टि की है। कहा कि कॉलेज प्रशासन विद्यार्थियों को हर सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत है।