नकरोड़ (चंबा)। चुराह में अग्निकांड पीड़ित परिवार को मुस्लिम वेलफेयर सोसायटी चंबा ने आर्थिक सहायता देकर आपसी भाईचारे की अनूठी मिसाल पेश की है।
चुराह में एक हिंदू परिवार के घर में आग लगने से हुए नुकसान की भरपाई के लिए मुस्लिम वेलफेयर सोसायटी ने मदद के लिए पहल की है। ऐसी कई मिसाल चंबा के कई क्षेत्रों में देखने को मिलती हैं, जहां हिंदू और मुस्लिम एक-दूसरे के सुख-दुख में पूरा साथ देते हैं।
चुराह की ग्राम पंचायत शेंतवा चिल्ली के रूंडाल गांव में गत 12 अप्रैल को शादी समारोह के दौरान गैस सिलिंडर में आग लगने से पुरुषोत्तम के मकान की दूसरी मंजिल जलकर राख हो गई थी। इस घटना में पुरुषोत्तम के अलावा इनके दो बेटे राकेश कुमार और रमेश कुमार की जिंदगी भर की जमा पूंजी जलकर राख हो गई। रविवार को मुस्लिम वेलफेयर सोसायटी के जिला प्रधान एडवोकेट लतीफ मोहम्मद की अगुवाई में अन्य सदस्यों ने अग्निकांड प्रभावित परिवार से मुलाकात कर पचास हजार की आर्थिक मदद की। पुरुषोत्तम ने आर्थिक मदद के लिए सोसायटी के पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार जताया।