चंबा में चुराह की उपरी चोटियों पर हुआ ताजा हिमपात।संवाद
चुराह (चंबा)। चंबा-पांगी मार्ग पर हिमपात के चलते वाहनों की आवाजाही पर ब्रेक लग गई। सचे जोत के समीप करीब पांच इंच तक हिमपात हुआ है। ऐसे में वाहनों की आवाजाही ठप पड़ गई है। वहीं, दूसरी तरफ विभागीय मशीनरी मौके पर तैनात है और मार्ग को बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया है।
प्रशासन ने भी पर्यटकों और लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। लोग इस मार्ग पर आवाजाही करते वक्त सावधानी बरतें ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। इसके अलावा चुराह क्षेत्र के बिहाली, चांजू और दराटी जोत पर बर्फबारी हुई है। इसके चलते क्षेत्र में प्रचंड ठंड पड़ रही है। साथ ही निचले क्षेत्रों में भी सर्दी के मौसम की शुरूआत हो गई है।
गौरतलब है कि जनजातीय क्षेत्र पांगी पहुंचने के लिए जिला चंबा से यही एक रास्ता है मगर अब बर्फबारी के चलते यह मार्ग बंद हो गया है। बताया जा रहा है कि सोमवार तक मार्ग को बहाल किया जा सकता है। बशर्ते अब बर्फबारी नहीं होनी चाहिए। तहसीलदार आशीष ठाकुर का कहना है कि सचे जोत के पास बर्फबारी हुई है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि सावधानी बरतें।
लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता अजय ठाकुर ने बताया कि सतरूंडी तक मार्ग बंद है। सचे पास के समीप करीब पांच इंच तक हिमपात हुआ है। विभागीय मशीनरी मौके पर मौजूद है।