चंबा। जिला मुख्यालय के साथ लगते करियां में रावी नदी का तट अवैध कूड़ा संग्रहण केंद्र बन चुका है। रात के अंधेरे में यहां कूड़ा ठिकाने लगाया जा रहा है लेकिन कोई भी विभाग ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रहा। रावी नदी तट गीले व सूखे कचरे से भर चुका है।
यहां से गुजरने वाले लोग कूड़े की दुर्गंध से काफी परेशान हैं। इतना ही नहीं लोगों को अब यह भी चिंता सता रही है कि कूड़े की वजह से बीमारी पनपने का खतरा न बढ़ जाए। इसलिए भड़ियां कोठी पंचायत के लोग प्रशासन से इस कूड़े को हटाने की मांग कर रहे हैं।
लोगों में हंसराज, प्रकाश चंद, बबलू, सुरेश कुमार, चैन सिंह, केवल, मनोज कुमार, सूरज और राकेश कुमार ने बताया कि रोजाना सुबह यहां कूड़े का ढेर दिखते हैं। इससे यह साबित होता है कि रात के अंधेरे में यहां कूड़ा फेंका जा रहा है। प्रशासन व नगर परिषद सहित पीसीबी को यहां कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। उधर, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीसीबी) के सहायक अभियंता राहुल शर्मा ने कहा कि खुले में कूड़ा फेंकने वालों का पता लगाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसी संदर्भ में पीसीबी नगर परिषद को पहले ही नोटिस जारी कर चुका है।