क्रिसमस पर्यटन नगरी डलहौजी में बर्फ की सौगात लेकर आई। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल डलहौजी में शनिवार शाम तक मौसम साफ था। लेकिन रविवार रात मौसम ने अचानक करवट ली और आसमान से बर्फ के फाहे गिरना शुरू हो गए।
रविवार सुबह जब लोगों ने आंखें खोली तो हर तरफ बर्फ की सफेद चादर नजर आई। डलहौजी में क्रिसमस मनाने आए पर्यटकों ने सीजन की इस पहली बर्फबारी का जमकर आनंद उठाया। नोटबंदी की मार झेल रहे पर्यटन सीजन को इस ताजा बर्फबारी ने राहत दी है।
डलहौजी में बर्फबारी की खबर सुनते ही पर्यटकों भीड़ यहां उमड़ पड़ी है। गौरतलब है कि पिछले तीन महीनो से ज्यादा समय से यहां बारिश नहीं थी व स्थानीय लोगों व पर्यटकों ने सोचा भी नहीं था कि कि अचानक रविवार को उन्हें व्हाइट क्रिसमस मनाने को मिलेगी। सुबह से ही पर्यटक डलहौजी के आहला व लक्कड़मंडी क्षेत्रों में स्नो प्ले के लिए उमड़ पड़े।
डलहौजी में रविवार सुबह लगभग दो इंच, आहला में तीन इंच व डायनकुंड में छह इंच से ज्यादा बर्फ रिकॉर्ड की गई। पूना से अपने परिवार संग डलहौजी घूमने आई पर्यटक राधी ने बताया कि उन्होंने सोचा भी नहीं था कि डलहौजी आकर उनको व्हाइट क्रिसमस मनाने को मिलेगी। वह इस मौसम का जम कर आनंद उठा रहे है। वहीं मिनी स्विट्जरलैंड के नाम से विख्यात खजियार में भी बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। खजियार में भी पर्यटकों ने जम कर मजा लिया।
नोटबंदी की मार झेल रहे पर्यटन व्यवसाय को लगे पंख
डलहौजी में नोटबंदी के बाद पर्यटन व्यवसाय मंदी की मार झेल रहा था लेकिन क्रिसमस पर हुई इस बर्फबारी से पर्यटन व्यवसायियों के चेहरे खिल उठे है। अब उन्हें अच्छे पर्यटन व्यवसाय की उम्मीद जगी है। पर्यटन व्यवसायी अमन महिंद्रू का कहना है कि डलहौजी में इस ताजा बर्फबारी के बाद पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही है व आने वाले दिनों व नव वर्ष के उपलक्ष्य पर अच्छे पर्यटन व्यवसाय की उम्मीद है।
डलहौजी से खजियार सड़क छोटी गाड़ियों के लिए खुली
डलहौजी के एसडीएम गौरव चौधरी ने बताया कि डलहौजी से खजियार सड़क छोटी गाड़ियों के लिए खुली है। पर्यटकों को हिदायत दी जाती है कि बर्फ की फिसलन को देखते सावधानी से गाड़ी चलाएं। इसके अलावा अधिक बर्फबारी होने की स्थिति में संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से परहेज करें।