किहार सेक्टर की ऊपरी चोटियों पर हल्की बर्फबारी के बाद का मनमोहक दृश्य।
- फोटो : Chamba
चंबा। जनजातीय क्षेत्र भरमौर और पांगी के ऊपरी क्षेत्रों में बुधवार को ताजा बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है। इससे निचले क्षेत्रों में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। जिला मुख्यालय समेत जिले के सभी उपमंडलों में दोपहर बारिश का क्रम शुरू हो गया। इस दौरान देर शाम तक निचले क्षेत्रों में बारिश होती रही। इसकी वजह से लोग घरों में ही दुबकने को मजबूर हैं। बारिश और ठंड बढ़ने से मुख्य बाजार में लोगों की चहलकदमी भी कम ही रही।
बुधवार को भरमौर के मणिमहेश, कुगति, चौबिया, सुप्पा, बडग्रां, घटोर, क्वारंसी और जालसूू में ताजा बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है। इसके अलावा जनजातीय क्षेत्र पांगी के साच पास समेत ऊंची धारों पर ताजा बर्फबारी हुई है। पांगी में बर्फबारी के चलते प्रशासन ने पहले ही साच पास को यातायात के लिए बंद करवा दिया है।
इसके अलावा पांगी के जिन क्षेत्रों में ताजा हिमपात हुआ। वहां पर सरकारी बसों की आवाजाही को रोक दिया गया। चंबा में पिछले दो दिनों से लगातार बारिश और बर्फबारी का क्रम चल रहा है। बारिश होने से किसानों और बागवानों के चेहरे खिल उठे हैं। सेब की अच्छी फसल के लिए इन दिनों होने वाली बारिश और बर्फबारी संजीवनी का काम करती है।