शहर में दिन के समय लाइट जलाकर चलता गाड़ी चालक।
- फोटो : Chamba
चंबा। जनजातीय क्षेत्र पांगी और भरमौर में हल्की बर्फबारी और मूसलाधार बारिश ने लोगों की दुश्वारियां बढ़ा दी हैं। भरमौर की भरमाणी, कुगति, दिगु, मणिमहेश सहित पांगी की पहाड़ियों चस्क भुटोरी, हुड़ान भुटोरी सहित किलाड़ मुख्यालय में भी बर्फबारी होने से तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है।
वहीं, मूसलाधार बारिश से जिले की डेढ़ दर्जन सड़कों पर यातायात ठप रहा। लाहल घार और दिनका घार में भूस्खलन हो रहा है। इसके अलावा भरमौर-गरिमा-सियूर, भरमौर-चौबिया, भरमौर-हड़सर-कुगति, ढकोग-बन्नी, भरमौर-हरछू, चंबा- जोत, चंबा-खज्जियार, चंबा-सिल्लाघ्राट मार्ग, चंबा-पांगी वाया साच पास मार्ग सहित अन्य सड़कों पर भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन से वाहनों के पहिये थम गए।
देर शाम तक लोनिवि की लेबर और मशीनरी ने अधिकतर बंद सड़कों को बहाल कर दिया। एनएच चंबा मंडल के सहायक अभियंता कनव बड़ोत्रा ने बताया कि अधिकतर सड़कों को बहाल कर दिया गया है।