24 लाख रुपये से बनी एक किमी सड़क
अस्पताल तक एंबुलेंस से पहुंच सकेंगे मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। ग्राम पंचायत सिंगी के आधा दर्जन गांव आजादी के बाद पहली बार सड़क सुविधा से जुड़े। धवेली से साहगलू एक किलोमीटर सड़क का निर्माण पूरा हो चुका है। अब गांववासी वाहनों के जरिये आवाजाही कर पाएंगे। इससे पहले उन्हें पगडंडी से होकर जंगल के रास्ते जाना पड़ता था। 24 लाख रुपये की धनराशि से यह सड़क बनाई गई है। एक दिन पहले ही सड़क का निर्माण पूरा हुआ। अब सड़क पर गिरी मिट्टी को साफ किया जा रहा है जिससे वाहनों की आवाजाही में किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
सड़क बनने से फतेहपुर, बैंसका, भलोली और खज्जियार में रहने वाली 2000 से अधिक आबादी को लाभ होगा। सबसे ज्यादा लाभ उस समय होगा, जब गांव में कोई बीमार होगा। उसे पालकी या पीठ पर उठाकर नहीं ले जाना पड़ेगा बल्कि एंबुलेंस या निजी वाहन से उसे शीघ्र अस्पताल पहुंचाया जा सकेगा। ऐसे में यह सड़क कई लोगों को जीवन भी प्रदान करेगी। स्थानीय लोगों कमलेश कुमार, सुरेंद्र, हंसराज, राकेश कुमार, प्यार सिंह, रवि, दलीप कुमार और अनिल कुमार ने बताया कि सड़कें किसी भी क्षेत्र की भाग्य रेखाएं होती हैं। आजादी के बाद से ये रेखाएं यहां नहीं खिंची गई थीं लेकिन, अब जब गांव में सड़क पहुंच चुकी है तो लोगों में खुशी की लहर है। इसके लिए उन्होंने प्रदेश सरकार और लोक निर्माण विभाग का आभार प्रकट किया है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जोगिंद्र शर्मा ने बताया कि एक किलोमीटर सड़क बना दी गई है। जल्द सड़क का उद्घाटन करवाकर लोगों को समर्पित की जाएगी।