फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chamba News: स्कूल तक पहुंचने के छह रास्ते, एक भी पक्का नहीं

Mon, 23 Nov 2026 10:20 PM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चम्बा
विज्ञापन
विज्ञापन
263 बच्चों की राह में कहीं नाला तो कहीं जंगल बना चुनौती, सुरक्षा रेलिंग भी नदारद
विज्ञापन

भजोत्रा के दो सरकारी स्कूलों में पढ़ते हैं 185 और 78 विद्यार्थी, चाटेला नाले पर पुलिया के लिए 10 लाख का प्रस्ताव
धर्मेंद्र सूर्या
तेलका (चंबा)। स्कूलों में बेहतर सुविधाएं देने के दावों के बीच ग्राम पंचायत भजोत्रा में बच्चों के लिए स्कूल पहुंचना ही चुनौती बना हुआ है। यहां राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला और केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला तक पहुंचने वाले छह मुख्य रास्तों में से एक भी पक्का नहीं है।
कहीं सुरक्षा रेलिंग नहीं है तो कहीं नालों पर पुलिया तक नहीं बनी है। ऐसे में दोनों स्कूलों के 263 विद्यार्थियों को रोजाना जोखिम उठाकर आवाजाही करनी पड़ रही है।
विज्ञापन

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भजोत्रा में 185 और केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला में 78 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। पंचायत के अलग-अलग गांवों से आने वाले बच्चों को कई जगह जंगलों और ऊबड़-खाबड़ रास्तों से होकर गुजरना पड़ता है। कुछ स्थानों पर पुलिया न होने के कारण उन्हें नाले के पानी के बीच से रास्ता पार करना पड़ता है।
बारिश के दौरान कच्चे रास्तों पर कीचड़ और फिसलन बढ़ जाती है। वहीं, नालों में पानी का बहाव तेज होने से बच्चों के लिए आवाजाही और मुश्किल हो जाती है। बिना रेलिंग वाले रास्तों पर भी हादसे का खतरा बना रहता है। पंचायत के हला, खड़कोटा, पंजोगा, सगोटी, मोहण, डिबाहला, गदका, खालोह, डिडवाद, ग्रहड़, पोठा, चीण, सिरोटी, भोता, दरौड़, रंन्होटी और मटवाड़ सहित अन्य गांवों के विद्यार्थियों को इन रास्तों से स्कूल पहुंचना पड़ता है।
स्थानीय ग्रामीण सुदेश कुमार, सुरेश कुमार, संजय कुमार, लेखो, राकेश कुमार, कालू, सुनील कुमार, अनिल कुमार, सीमा, रानी और अंजू ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा के लिए रास्तों का पक्का निर्माण जरूरी है। जहां रेलिंग नहीं है, वहां सुरक्षा रेलिंग लगाई जाए और नालों पर पुलियों का निर्माण करवाया जाए। ग्रामीणों ने ग्राम सभा में रखे गए प्रस्तावों को जल्द धरातल पर उतारने की मांग की।

ग्राम पंचायत भजोत्रा के प्रधान पवन कुमार ने बताया कि हाल ही में हुई ग्राम सभा में रास्तों के निर्माण और सुधार के प्रस्ताव रखे गए हैं। स्कूल तक पहुंचने वाले मुख्य रास्ते को प्राथमिकता दी गई है। चाटेला नाले पर पुलिया निर्माण के लिए 10 लाख रुपये का प्रस्ताव भी रखा गया है। जल्द कार्य शुरू करवाने के प्रयास किए जाएंगे।
विज्ञापन


विकास खंड अधिकारी कनवर सिंह ने बताया कि यह मामला पहली बार उनके ध्यान में लाया गया है। स्कूलों तक जाने वाले रास्तों को बेहतर बनाना सभी की जिम्मेदारी है। इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाने का लक्ष्य रहेगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें