सुल्तानपुर वार्ड में घरों के बाहर फैंके कचरे का निरीक्षण करती नगर परिषद की टीम:
चंबा। शहर के सुल्तानपुर वार्ड में घरों के बाहर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ नगर परिषद ने सख्त रुख अपनाते हुए छह मकान मालिकों के चालान काटे हैं। नगर परिषद की वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राशी कौशल ने अपनी टीम के साथ वार्ड की कई जगहों का औचक निरीक्षण किया। इसमें कई घरों के सामने खुले में कचरा पड़ा हुआ पाया गया।
निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नगर परिषद ने मौके पर ही छह मकान मालिकों के 500-500 रुपये के चालान काटे और उन्हें कड़ी चेतावनी दी। ईओ ने स्पष्ट किया कि नगर परिषद द्वारा सफाई कर्मचारियों की नियमित व्यवस्था होने के बावजूद कुछ लोग जानबूझकर कचरा खुले में फेंक रहे हैं।
नगर परिषद के अनुसार सुल्तानपुर वार्ड में कई बार लोगों को नोटिस जारी कर सफाई नियमों की जानकारी दी गई, लेकिन इसके बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ। मजबूरन अब जुर्माने और कार्रवाई का रास्ता अपनाया जा रहा है। अब किसी को भी चेतावनी नहीं दी जाएगी।
भविष्य में यदि किसी के घर के सामने कचरा पाया गया तो सीधे 2,000 रुपये का चालान किया जाएगा। साथ ही कचरा जलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी। इसके लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। ईओ ने लोगों से अपील की कि वे कचरा सफाई कर्मचारियों को ही सौंपें और शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने में नगर परिषद का सहयोग करें।