सुरंगानी में बैरा सीयुल प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन ने जताया विरोध
संवाद न्यूज एजेंसी
चुराह/चंबा। बैरा सियुल परियोजना सुरंगानी में बैरा सीयुल प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन (सीटू) ने रविवार को भी धरना-प्रदर्शन किया। यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि वे 15 दिन तक धरना-प्रदर्शन करेंगे।
इसके बाद श्रमिक सड़क पर उतरकर चक्का जाम करेंगे। सीटू के जिला महासचिव सुदेश ठाकुर ने बताया कि यह प्रदर्शन कंट्रोल रूम डैम साइट तीसा में कार्यरत रहे दुनी चंद को 10 अप्रैल 2026 से सेवा से हटाने के विरोध में किया जा रहा है।
यूनियन ने कहा कि दुनी चंद को 58 वर्ष की आयु का हवाला देकर नौकरी से हटाया गया जबकि सेवानिवृत्ति की निर्धारित आयु 60 वर्ष है। एनएचपीसी भारत सरकार का उपक्रम है, इसलिए यहां केंद्र सरकार के कानून लागू होंगे। यूनियन ने तुरंत श्रमिक की बहाली की मांग उठाई है। धरना-प्रदर्शन के दौरान यूनियन ने प्रबंधन के खिलाफ रोष जताया।
यूनियन ने बताया कि इस मामले को लेकर पहले भी प्रबंधन को अवगत करवाया गया था और बातचीत की गई थी लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इसके चलते मजदूरों को धरना-प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ा। यूनियन ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगें मान्य नहीं होतीं, तब तक धरना-प्रदर्शन अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा।