सिहुंता(चंबा)। सिहुंता क्षेत्र की ग्राम पंचायत काथला में घर के बाहर रखी शटरिंग प्लेटें चोरी होने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने इस संबंध में पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवा दी है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार चंद्रकला निवासी गांव नाणा पंचायत काथला ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि बीते दिनों उन्होंने घर के बाहर शटरिंग की आठ प्लेटें रखी थी, जो कि अज्ञात चोरों ने चुरा ली है। इस बात का उन्हें सुबह पता चला। उन्होंने आसपास शटरिंग प्लेटों की काफी तलाश की। मगर कोई सुराग नहीं लग पाया। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई।