बनीखेत(चंबा)। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच बनीखेत बाजार में रविवार को जरूरी वस्तुओं की दुकानें ही खुली रहेंगी। इस संदर्भ में उपमंडलीय प्रशासन की ओर से दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। रविवार को जरूरी दुकानों की सूची में सब्जी विक्रेता, दवाई, ढाबे, रेस्तरां, वर्कशॉप व सैलून खुले रहेंगे। लगातार बढ़ रहे कोरोना के मामलों के बीच प्रशासन ने सख्ती करने का निर्णय लिया है। उक्त दुकानों को छोड़कर बाकी सभी दुकानें बंद रहेंगी। गौरतलब है कि जिला चंबा में पिछले करीब एक माह में कोरोना के मामलों में इजाफा हुआ। प्रदेश में भी कोरोना की रफ्तार बढ़ी है। ऐसे में अब सरकार की ओर से नए दिशा निर्देश जारी किए हैं।
बनीखेत व्यापार मंडल के प्रधान बिजेंद्र शर्मा ने बताया कि प्रशासन की ओर से जरूरी दुकानों को खोलने संबंधित आदेश दिए हैं। प्रशासन ने व्यापारियों के लिए त्योहारी सीजन में रविवार को भी दुकानें खोलने की अनुमति दी थी ताकि व्यापारियों को राहत मिल सकें। एसडीएम डलहौजी जगन ठाकुर ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देशों के अनुसार आदेश जारी कर दिए हैं। जरूरी दुकानें ही रविवार को खुली रहेंगी। अन्य दुकानें खोलने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि कोरोना महामारी से बचाव के लिए सरकार की गाइडलाइन की अनुपालना करें।