शहर की दुकानों से बरामद किया पॉलीथीन। विभाग
जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की कार्रवाई से शहर के दुकानदारों में मचा हड़कंप
शहर-सुल्तानुपर बाजार में निरीक्षण, दोबारा पालिथीन का प्रयोग न करने की हिदायत
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। शहर के बाजारों में पालिथीन का इस्तेमाल करने वाले दुकानदारों पर जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग चंबा ने शिकंजा कस दिया है। औचक निरीक्षण के दौरान विभागीय टीम ने 35 किलोग्राम पालिथीन जब्त किया।
साथ ही करीब 12 हजार रुपये जुर्माना भी दुकानदारों को लगाया। औचक निरीक्षण के दौरान बाजार में हड़कंप मचा रहा। विभाग ने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी है कि वे दोबारा दुकानों में पालिथीन का प्रयोग न करें। अन्यथा भारी-भरकम जुर्माना वसूला जाएगा।
जानकारी के अनुसार विभागीय टीम ने यह कार्रवाई जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक कर्ण ठाकुर की अगुवाई में की। निरीक्षक मनोज कुमार भी मौजूद रहे। विभागीय टीम ने कार्रवाई चंबा बाजार से की। इसके बाद टीम ने माई का बाग बाजार और सुल्तानपुर में दबिश दी। औचक निरीक्षण के दौरान विभागीय टीम ने करीब 25 दुकानों में दबिश दी। यहां से 53 किलोग्राम पालिथीन बरामद किया। साथ ही दुकानदारों को जुर्माना किया। विभागीय टीम की मानें तो भविष्य में भी यह कार्रवाई जारी रहेगी। गौरतलब है कि प्रदेश भर में पालिथीन के प्रयोग पर रोक लगी है लेकिन पालिथीन शहर की दुकानों तक पहुंच रहा है। हैरानी की बात है कि जिले के प्रवेश द्वारों से यह पालिथीन शहर में कैसे प्रवेश कर रहा है। इस मामले को लेकर अभी तक कोई सख्त कार्रवाई नहीं हो पाई है।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक कर्ण ठाकुर ने बताया कि निरीक्षण के दौरान 53 किलोग्राम पालिथीन जब्त किया गया है। साथ ही 12 हजार रुपये जुर्माना वसूला है।