चंबा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने राजकीय उच्च पाठशाला कुरैणा में 85 बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की। इसमें सात बच्चे गंभीर बीमारी से ग्रस्त मिले। इन्हें उपचार के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
इन बच्चों का पूरा इलाज राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत मुफ्त होगा। यदि किसी बच्चे को इलाज के लिए पीजीआई भी जाना पड़ता है तो वहां भी उनका इलाज मुफ्त किया जाएगा। बुधवार को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम ने कुरैणा स्कूल में जाकर स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया।
इसमें सात बच्चे ऐसे मिले, जो दांत, कान और त्वचा की बीमारी से पीड़ित थे। बच्चों की बीमारी के बारे में अभिभावकों को भी जानकारी नहीं थी। ऐसे में जहां स्वास्थ्य टीम ने बच्चों की बीमारी का पता लगाया तो वहीं उनके अभिभावकों को भी इसके बारे में सचेत किया। मौके पर बच्चों को जरूरी दवाई उपलब्ध करवाई गई। साथ ही उन्हें येलो रेफर कार्ड भी दिए गए। इन्हें दिखाने पर उनका सरकारी अस्पताल में पूरा इलाज मुफ्त होगा। स्वास्थ्य टीम में शामिल डॉक्टर नीरज गुप्ता, फार्मेसी अफसर देवेंद्र कुमार सहित अन्य टीम ने बच्चों के स्वास्थ्य को जांचा। उधर, खंड चिकित्सा अधिकारी पुखरी डॉक्टर नवदीप राठौर ने बताया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की जा रही है। इसमें बीमार बच्चों का मुफ्त इलाज भी किया जा रहा है।