मंगला पंचायत में आग से हुआ नुकसान।
- फोटो : Chamba
चंबा। दिवाली पर्व पर पटाखों और आतिशबाजी से सात आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं। इसमें लाखों की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। गनीमत रही कि आग की घटनाओं से किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ है। शनिवार को चंबा शहर सहित आसपास के इलाकों में लोगों ने दिवाली के मौके पर जमकर आतिशबाजी और पटाखे चलाए। इस वजह से कई स्थानों पर आग भड़क गई।
भूरि सिंह संग्रहालय के पास शनिवार रात को सूखे पेड़ में आतिशबाजी की चिंगारी से आग भड़क गई। इससे भूरि सिंह संग्रहालय को खतरा पैदा हो गया था। मगर दमकल विभाग टीम ने मौके पर पहुंच आग को समय रहते बुझाकर भूरि सिंह संग्रहालय को आग की चपेट में आने से बचा लिया। इसके साथ ही मैहला और भटालवां माता मंदिर के पास भी पटाखों की चिंगारी से सूखी घास में आग भड़क गई। इससे मंदिरों को खतरा पैदा हो गया।
लोगों ने आग की लपटों को देख फौरन दमकल विभाग को इसकी सूचना दी। दमकल वाहनों ने मौके पर पहुंचकर समय रहते आग पर काबू पाकर मंदिरों को सुरक्षित बचा लिया। मंगला पंचायत के ददियाडा गांव में रसोई घर में आग लगने का मामला सामने आया है। इससे रसोईघर और दो गोशालाएं जलकर राख हो गई। गोशाला में बंधे मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
इस आग को भी दमकल विभाग ने मौके पर जाकर समय रहते बुझा लिया। इसके अलावा सुल्तानपुर में गोशाला और रावमापा करियां के साथ दुकान आग लगने से जल गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। इसके साथ शनिवार रात को पटाखे की वजह से करियां में एक होटल के पास आग भड़क गई। इससे होटल को खतरा पैदा हो गया था। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया।
फायर अधिकारी राजेंद्र चौधरी ने बताया कि शनिवार रात को आतिशबाजी और पटाखों की वजह से सात स्थानों पर आग की घटनाएं हुई है। नुकसान का आकलन तैयार किया जा रहा है।