चंबा। चंबा शहर के मुख्य बाजार को शनिवार को दमकल वाहन से सैनिटाइज किया गया। इस दौरान भरमौर चौक से लेकर बाजार में सोडियम हाइपोक्लोराइट का छिड़काव किया गया, जिससे की कोरोना संक्रमण के किसी भी संभावित खतरे को खत्म किया जा सके।
शहर में पिछले दिनों कोरोना के कई मामले सामने आए हैं। इसको देखते हुए नगर परिषद ने शहर को सैनिटाइज करवाने का फैसला लिया। शनिवार को दमकल वाहन में सोडियम हाइपोक्लोराइट स्प्रे डाली गई।
इसके जरिये पूरे शहर में स्प्रे किया गया, जिससे शहरवासियों को कोरोना संक्रमण का खतरा न सताए। जिले के बड़ी संख्या में खरीदारी और अन्य कार्यों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में बाजार में संक्रमण का खतरा हर समय बना रहता है।
इसी खतरे को दूर करने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ी से बाजार की सड़कों को सैनिटाइज किया गया। जिला फायर अधिकारी राजेंद्र चौधरी ने बताया कि शनिवार को भरमौर चौक से लेकर बाजार तक सड़क को सैनिटाइज किया गया है।