चंबा। वर्ष 2020-21 में नियमित हुए टीजीटी की वरिष्ठता सूची बनेगी। इस संदर्भ में प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने प्रयास शुरू कर दिए हैं। विभाग ने इन दो सालों में नियमित हुए करीब 175 टीजीटी से ब्योरा मांगा है। अध्यापकों को यह ब्योरा विभाग के कार्यालय में जमा करवाना होगा। इसके लिए विभाग ने 18 अप्रैल अंतिम तिथि निर्धारित की है। अगर टीजीटी इस अवधि में ब्योरा जमा नहीं करवाते हैं तो इस मामले में लापरवाही के लिए वे स्वयं जिम्मेदार होंगे। विभाग की ओर से इस तरह के निर्देश जारी करने का मकसद बिना विलंब टीजीटी का ब्योरा एकत्रित करना है, जिससे बाद में इन शिक्षकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
ब्योरे के रूप में शिक्षकों को दसवीं के प्रमाण पत्र सहित किसी श्रेणी का प्रमाण पत्र है तो उसे भी जमा करवाना होगा। साथ ही संबंधित डीडीओ से भी लिखित में लेना होगा। विभाग के पास यह ब्योरा पहुंचने के बाद इन शिक्षकों की वरिष्ठता सूची तैयार की जाएगी। इससे इन अध्यापकों को भविष्य में पदोन्नति संबंधित मामलों में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। उन्हें इस सूची के आधार पर पदोन्नत किया जा सकेगा। गौरतलब है कि विभाग की ओर से नियमितीकरण के बाद हर साल वरिष्ठता सूची तैयार की जाती है। प्रारंभिक शिक्षा विभाग के उपनिदेशक सुुरेश कुमार शर्मा ने खबर की पुष्टि की है।