कोरम पूरा न होने के कारण अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव टला
संवाद न्यूज एजेंसी
डलहौजी (चंबा)। नवनिर्वाचित पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह नगर परिषद कार्यालय परिसर में आयोजित किया गया। इस अवसर पर एसडीएम अनिल भारद्वाज ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इसमें वार्ड नंबर 1 लोअर बकरोटा से रीना जरयाल, वार्ड नंबर 2 लोहाली से राम सिंह बबलू, वार्ड नंबर 3 जीपीओ से तलविंदर साहिल पम्मा, वार्ड नंबर 4 हिंदू लेन से प्रवीण कुमार, वार्ड नंबर 5 कॉन्वेंट से वंदना चड्ढा, वार्ड नंबर 6 कथलग से रजनी, वार्ड नंबर 7 अपर बकरोटा से वंदना देवी, वार्ड नंबर 8 मोती टिब्बा से कुमारी पल्लवी और वार्ड नंबर 9 डल्हौजी क्लब से तिलक राज कपूर ने शपथ ग्रहण की। इसमें भाजपा विधायक डीएस ठाकुर और पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष मनोज चड्ढा, नगर परिषद की वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। शपथ ग्रहण समारोह के उपरांत को कोरम पूरा न होने के कारण अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव टल गया। गौरतलब है कि इस बार के चुनाव में 9 वार्डों से पांच पार्षद एक खेमे के और चार पार्षद दूसरे खेमे के विजयी हुए हैं। एसडीएम अनिल भारद्वाज ने बताया कि कोरम पूरा न होने के कारण अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव नहीं हो सका। कोरम पूरा करने के लिए 72 घंटे का समय दिया जाएगा। उसके बाद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव संपन्न होगा।