चंबा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नड्डल में औचक निरीक्षण के दौरान प्रधानाचार्य समेत ज्यादातर स्टाफ नदारद पाया गया। इसमें एक प्रवक्ता दो टीजीटी अध्यापकों समेत दो चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी शामिल है। उच्च शिक्षा विभाग की टीम जल्द ही इस संबंध में निदेशालय को रिपोर्ट भेजेगी। इसके बाद संबंधित स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उच्च शिक्षा विभाग चंबा की टीम के निरीक्षण के दौरान यह मामला सामने आया है।
ानकारी के अनुसार स्कूल में अध्यापकों की मनमानी को लेकर स्कूल प्रबंधन समिति से शिकायत मिली थी। इस आधार पर उच्च शिक्षा विभाग चंबा ने शुक्रवार को स्कूल में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण की अगुवाई उच्च शिक्षा उपनिदेशक देवेंद्र पॉल ने की। निरीक्षण के दौरान जब टीम स्कूल में पहुंची तो प्रधानाचार्य सहित दो चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, दो टीजीटी अध्यापक और एक प्रवक्ता नदारद पाया गया।
निरीक्षण के दौरान स्कूल में बच्चों सहित सीएंडवी अध्यापक मौजूद पाए गए। प्रधानाचार्य बिना किसी स्वीकृतके छुट्टी पर पाए गए। बहरहाल, विभागीय दबिश के बाद स्कूल में हड़कंप मच गया है। गौरतलब है कि जिला के कुछेक सरकारी स्कूलों में तैनात अध्यापक बेलगाम है।
इसके चलते स्कूली बच्चों को भरपूर शिक्षा नहीं मिल रही है। ऐसे में स्कूल प्रबंधन समिति को मजबूरन स्कूल में तैनात अध्यापकों के खिलाफ शिकायतें करनी पड़ रही है। बताया जा रहा है कि इसी स्कूल में कुछ समय पहले भी शिक्षा विभाग की टीम ने दबिश दी थी, उस समय भी शिक्षक नदारद पाए गए थे। उस दौरान टीम ने गायब स्टाफ को चेतावनी देकर छोड़ दिया था। इसको देखते हुए अब उच्च शिक्षा विभाग ने निदेशालय से नदारद स्टाफ के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
उच्च शिक्षा उपनिदेशक देवेंद्र पॉल ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि औचक निरीक्षण के दौरान स्कूल प्रधानाचार्य, दो टीजीटी अध्यापक, एक प्रवक्ता व दो चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी नदारद पाए गए। कहा कि इस मामले को निदेशालय प्रेषित किया जाएगा। आगामी कार्रवाई निदेशालय की ओर से की जाएगी। कहा कि पिछले साल भी यहां निरीक्षण के दौरान स्कूल स्टाफ नदारद पाया गया था।