दो दिवसीय जातर मेले का धूमधाम से समापन, सांस्कृतिक संध्या में ठाकुर रघुवीर सिंह ने बांधा समां
खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम, मंदिर में माथा टेक श्रद्धालुओं ने मांगा आशीर्वाद
संवाद न्यूज एजेंसी
तेलका (चंबा)। तेलका के सतोली में आयोजित दो दिवसीय जातर मेले का रविवार को धूमधाम से समापन हुआ। मेले में खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
चुराही नाटी और अन्य कार्यक्रमों में डॉ. विपिन ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि सांस्कृतिक संध्या में डलहौजी के विधायक डीएस ठाकुर मुख्य अतिथि रहे।
अंतिम दिन श्रद्धालुओं ने सतोली मंदिर में माथा टेककर माता का आशीर्वाद लिया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। दोपहर बाद मेला परिसर में स्थानीय लोगों ने पारंपरिक चुराही नाटी प्रस्तुत कर माहौल को उत्सवमय बना दिया।
सांस्कृतिक संध्या में सुपर स्टार ठाकुर रघुवीर सिंह ने हिंदी, पंजाबी और पहाड़ी गीतों की प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मनोरंजन किया। उन्होंने ‘नाटी मजेदार’, ‘मुंगरी जोगे ना’, ‘पहाड़ी नाटी चली’ और ‘आग लगी है दिल में’ सहित कई गीत प्रस्तुत किए। उनकी प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं और लोग गीतों की धुन पर झूमते नजर आए।
मेला कमेटी ने अतिथियों और सहयोगियों का आभार जताया। इस अवसर पर अध्यक्ष विनोद शर्मा, सचिव होशियारा राम, सह सचिव रोशन शर्मा, मुख्य सलाहकार प्रकाश चंद शर्मा, कैलाश चंद शर्मा, मीडिया प्रभारी सुभाष मिन्हास, स्टेज होल्डर धर्म चंद व रविकाश और मंच सचिव राजेंद्र कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।