केमिस्ट एसोसिएशन ने विभाग के फैसले का किया समर्थन, जबरदस्ती लेने वालों की देंगे सूचना
जरूरतमंद मरीजों की पहचान कर दवा उपलब्ध कराने की व्यवस्था करेंगे केमिस्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए जिला केमिस्ट एसोसिएशन ने नशीली दवाओं की बिक्री को लेकर सख्ती बरतने का फैसला लिया है।
अब चिकित्सक की पर्ची के बिना किसी भी व्यक्ति को नशीली दवा नहीं दी जाएगी। एसोसिएशन ने स्वास्थ्य विभाग के आदेशों का समर्थन करते हुए सभी केमिस्टों से इनकी पूरी अनुपालना करने की अपील की है।
एसोसिएशन के प्रधान प्रशांत पुरी और सलाहकार भानू प्रताप सिंह ने बताया कि उपचार में इस्तेमाल होने वाली कुछ दवाओं का युवा नशे के लिए दुरुपयोग कर रहे हैं। इसे देखते हुए एसोसिएशन ने तय किया है कि बिना चिकित्सक की पर्ची दवा मांगने वालों को दवा नहीं दी जाएगी। यदि कोई व्यक्ति जबरदस्ती करता है तो इसकी सूचना संबंधित विभाग को दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिले को नशामुक्त बनाने के प्रयासों में एसोसिएशन स्वास्थ्य विभाग के साथ पूरा सहयोग करेगी। हालांकि, कई बार ऐसे मरीज भी केमिस्ट के पास पहुंचते हैं, जिन्हें तत्काल दवा की जरूरत होती है, लेकिन उनके पास पर्ची नहीं होती। ऐसे मामलों में मरीज की स्थिति और जरूरत की पुष्टि के बाद नियमानुसार दवा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। एसोसिएशन के अन्य सदस्यों ने भी इस निर्णय पर सहमति जताई और नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग का भरोसा दिया।