मेले में घेवर, रबड़ी, जलेबी सहित 16 खाद्य उत्पादों के सैंपल भरे
कंडाघाट की प्रयोगशाला में उत्पादों की जांची जाएगी गुणवत्ता
खाने के स्टॉलों में रखी खाद्य सामग्री को ढक कर रखने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। मिंजर मेले में बिकने वाली जलेबी, घेवर, रबड़ी सहित 16 खाद्य उत्पादों के सैंपल स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भरे। इन उत्पादों की गुणवत्ता जांचने के लिए यह कार्रवाई की गई है। मेले के दौरान सैकड़ों लोग इन उत्पादों को खाते हैं। इनकी गुणवत्ता सही है या नहीं, इसके बारे में लोगों को कुछ जानकारी नहीं होती।
सोमवार को सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा की अगुवाई में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मेले में खाद्य पदार्थों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। सबसे पहले वहां सफाई व्यवस्था को जांचा। उसके बाद सबसे अधिक मात्रा में बिकने वाले उत्पादों के सैंपल भरे गए।
टीम ने चिकन कोरमा, बिरयानी, सफेद चना, चाउमिन, मोमोज, सिड्डू, चावल, सोया बड़ी, तैयार आलू, कचौरी, टिक्की, जलेबी, घेवर, रबड़ी, चूरमा लड्डू, दही आदि के सैंपल भरे। अब ये सैंपल जांच के लिए सीटीएल कंडाघाट भेजे जाएंगे। जांच में यदि कोई सैंपल फेल पाया जाता है तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। टीम ने सभी विक्रेताओं को निर्देश दिए कि वे खाद्य सामग्री को जालीदार कपड़े से ढककर रखें। कार्रवाई करने वाली टीम में जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुगंधी कौंडल, भुवन चौहान और चैन लाल शामिल रहे।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा दीपक आनंद ने बताया कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा। मेले में बिकने वाले सभी खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता जांची जा रही है।