चंबा। चुराह में बर्ड फ्लू की आशंका को लेकर जांच के लिए भेजे चार मृत कौवों के सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। पशुपालन विभाग चंबा की ओर से पिछले सप्ताह सैंपल जालंधर भेजे थे। जहां से इन सैंपलों को जांच के लिए भोपाल स्थित लैब भेजा गया। रविवार को विभाग कार्यालय में जांच रिपोर्ट पहुंची। इन सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आने से बर्ड फ्लूू की आशंका पूरी तरह खत्म हो गई है। खबर की पुष्टि पशुुपालन विभाग चंबा के उपनिदेशक डॉ. राजेश सिंह ने की है।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह नकरोड़ बाजार में अचानक 14 कौवों की मौत होने से हड़कंप मच गया था। ग्रामीणों ने पशुपालन विभाग को मामले की सूचना दी। देर शाम आरआरटी में शामिल डॉ. नरेश और डॉ. सुशील मौके पर पहुंचे। जहां चार मृत कौवों के सैंपल जांच के लिए लिए गए। सैंपलों को जालंधर भेजा गया। जहां से इन सैंपलों को जांच के लिए भोपाल स्थित प्रयोगशाला में भेजा गया। जहां जांच पूरी होने के बाद अब रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं, दूसरी तरफ जिला में अब तक बर्ड फ्लू का कोई मामला सामने नहीं आया है। जो सबसे बड़ी राहत है। विभाग ने इससे पहले भी करीब साठ सैंपलों की जांच करवाई है। विभाग द्वारा आआरटी के माध्यम से फील्ड में लोगों को बर्ड फ्लू को लेकर जागरूक किया जा रहा है।
पशुपालन विभाग चंबा के उपनिदेशक डॉ. राजेश सिंह ने बताया कि नकरोड़ बाजार से लिए गए चार मृत कौवों के सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। उन्होंने बताया कि आरआरटी द्वारा लोगों को निरंतर जागरूक किया जा रहा है। जिला में अभी तक बर्ड फ्लू का कोई भी पॉजिटिव मामला नहीं आया है।