सलूणी (चंबा)। विकास खंड सलूणी की आधा दर्जन पंचायतों को नए साल में सड़क सुविधा नसीब होगी। सलूणी से किलोड़ 13 किमी लंबी बनने वाली सड़क को लेकर प्रशासनिक मंजूरी मिल चुकी है। इस सड़क के निर्माण पर 13 करोड़ रुपये की राशि की जाएगी। सड़क की डीपीआर बन चुकी है। जल्द ही लोनिवि सड़क निर्माण को लेकर टेंडर प्रक्रिया को पूरा करेगा।
इसके बाद जल्द ही सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। सड़क बनने से विकास खंड सलूणी की ग्राम पंचायत सूलणी, खरोटी, खरल, सियुला, सूरी और किलोड़ की बीस हजार आबादी को लाभ मिलेगा। जोकि लंबे समय से सड़क सुविधा की मांग कर रही थी। इसके लिए ग्रामीणों ने वनमंत्री को भी मांगपत्र सौंपा था।
ग्रामीण मदन मोहन शर्मा, बिहारी लाल, चतुर्भुज शर्मा, परसराम, मुकेश शर्मा, मदन ठाकुर, प्रेम सिंह, नरैण सिंह, तुला राम, रवि कुमार और केसो राम ने सड़क को प्रशासनिक मंजूरी मिलने पर वन मंत्री राकेश पठानिया, जिला मार्केट कमेटी अध्यक्ष डीएस ठाकुर, लोनिवि अधिशाषी अभियंता एसके चंदेल और डीएफओ अशोक कुमार का आभार प्रकट किया है। इनके प्रयासों के चलते ही सड़क के निर्माण का रास्ता साफ हो पाया है।
लोनिवि के अधिशाषी अभियंता एसके चंदेल ने बताया कि उपरोक्त सड़क के निर्माण को लेकर प्रशासनिक मंजूरी मिल चुकी है। जल्द ही सड़क का निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा। इसके लिए औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।