चंबा। चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर उदयपुर के पास रावी नदी में अवैध खनन करने वालों के खिलाफ खनन विभाग ने कार्रवाई की है। तीन ट्रैक्टरों और एक टिपर के साथ जेसीबी को रावी के तट पर अवैध रूप से खनन करने पर मालिकों को 90,000 रुपये का जुर्माना ठोंका। इसके अलावा अवैध रूप से तट पर रेत के ढेर लगाने पर भी कार्रवाई की गई। खनन विभाग को काफी दिन से शिकायत मिल रही थी कि उदयपुर और चीहमा के पास लोग रावी तट पर अवैध खनन कर रहे हैं।
इसकी सूचना मिलते ही विभाग की टीम जिला खनन अधिकारी की अगुवाई में कार्रवाई करने के लिए मौके पर पहुंच। जहां पर उन्होंने तीन ट्रैक्टरों और एक टिपर को पकड़ लिया। इसके साथ ही रावी तट से रेत इन वाहनों में भरने वाली जेसीबी को भी पकड़ा गया। विभागीय टीम को रावी तट में आता देख कई खननकारी मौके से फरार हो गए। विभाग ने मुस्तैदी दिखाते हुए चार वाहनों को मौके पर पकड़ लिया। इन वाहनों के मौके पर चालान काटकर 90,000 रुपये जुर्माना वसूल किया गया। साथ ही वाहन मालिकों को कड़ी हिदायत दी गई कि वे भविष्य में अवैध खनन करने में अपने वाहनों को न लगाएं अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला खनन अधिकारी मिस बिंदिया ने बताया कि उदयपुर और चीहमा में रावी तट पर अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इसमें चार वाहनों के चालान काटकर जुर्माना वसूल किया गया। विभाग की यह कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।