खंड विकास अधिकारी भरमौर विवेक चौहान ने कहा है कि हड़ताल पर गए सभी ग्राम रोजगार सेवकों को दो दिन में वापस आना होगा। यदि यह अपनी ड्यूटी ज्वाइन नहीं करते हैं तो उनके सभी काम पंचायत सचिव को सौंप दिए जाएंगे।
खंड विकास अधिकारी विवेक चौहान ने बताया कि उपनिदेशक कार्यालय से लिखित में निर्देश मिले हैं। इस बार जनजातीय क्षेत्र की 29 पंचायतों में पांच करोड़ रुपये के कार्य मनरेगा से होने हैं और सर्दियों की वजह से भरमौर में सिर्फ छह महीने ही सही ढंग से काम हो पाता है। ऐसे में रोजगार सेवकों की हड़ताल से काम प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि दो दिन में रोजगार सेवकों ने अपनी ड्यूटी ज्वाइन नहीं की तो उन पर आगामी कार्रवाई शुरू की जाएगी। जिसमें उनके नाम उपनिदेशक कार्यालय को प्रस्तावित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि ग्राम रोजगार सेवकों की तैनाती अनुबंध पर हुई थी और उनके करारनामा में कहीं पर भी नियमित करने की शर्त नहीं लिखी गई है। उन्होंने कहा कि उनकी हड़ताल का सीधा असर भरमौर के ग्रामीण विकास पर पड़ रहा है, जिसे सहन नहीं किया जाएगा।