लोक निर्माण विभाग ने रास्ते में बनाई पोढ़ियां, बुधवार अल सुबह शुरू हुई मणिमहेश यात्रा
संवाद न्यूज एजेंसी
भरमौर (चंबा)। मणिमहेश यात्रा के दौरान तोस का गोठ में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रस्सी का सहारा उपलब्ध करवाया जाएगा। लोक निर्माण विभाग की ओर से यात्रा मार्ग पर पोढ़ियां तैयार की गई हैं जिससे श्रद्धालुओं को खड़ी चढ़ाई वाले हिस्से में आवाजाही करने में सुविधा मिलेगी।
बुधवार अलसुबह मणिमहेश के लिए यात्रा शुरू हुई। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू होने के साथ ही प्रशासन और संबंधित विभागों की तैयारियां भी नजर आईं। तोस का गोठ के कठिन हिस्से में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रस्सी लगाने की व्यवस्था की जा रही है।
लोक निर्माण विभाग ने मार्ग के चुनौतीपूर्ण हिस्से में सीढि़यां बनाकर रास्ते को सुगम करने का प्रयास किया है। इससे पैदल यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को चढ़ाई के दौरान काफी राहत मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने यात्रा मार्ग पर की जा रही इन व्यवस्थाओं को उपयोगी बताया है। मणिमहेश यात्रा में हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में कठिन और खतरनाक हिस्सों में सुरक्षा इंतजामों को मजबूत करना अहम माना जा रहा है। विभाग की ओर से मार्ग को सुविधाजनक बनाने के लिए किए जा रहे कार्यों से श्रद्धालुओं को राहत मिलने की उम्मीद है। एडीएम चंबा विकास शर्मा ने बताया कि तोस का गोठ में श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए रस्सी लगाई गई है।