प्रभावित मकान मालिक को 25 हजार रुपये की फौरी राहत, किरायेदार को राशन उपलब्ध
संवाद न्यूज एजेंसी
सरोल (चंबा)। ग्राम पंचायत सरोल के गांव घोलटी में मंगलवार देर रात पहाड़ी से गिरीं भारी चट्टानों की चपेट में आने से एक पक्के मकान के तीन कमरे पूरी तरह ध्वस्त हो गए।
हादसे में मकान के भीतर रखा बैड बॉक्स, फ्रिज, खाद्य सामग्री सहित अन्य घरेलू सामान मलबे में दब गया। राहत की बात यह रही कि अनहोनी की आशंका के चलते परिवार पहले ही मकान खाली कर पड़ोसियों के घर चला गया था जिससे कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। घटना मंगलवार रात करीब 12:15 बजे हुई। सूचना मिलने पर पंचायत प्रधान, उपप्रधान और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। तहसीलदार चंबा भूपेंद्र कश्यप ने राजस्व विभाग की टीम के साथ नुकसान का जायजा लिया और प्रभावित मकान मालिक को 25 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की। वहीं, मकान में रह रहे किरायेदार को राशन सामग्री उपलब्ध करवाई गई।
प्रभावित मकान मालिक परविंद्र कुमार पुत्र स्वर्गीय हिरु राम ने बताया कि बरसात के मौसम में हर वर्ष पहाड़ी से पत्थर गिरते हैं, जिससे उनके मकान और भूमि को नुकसान पहुंचता है। उन्होंने बताया कि मकान में रहने वाले किरायेदार भी लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण पहले ही पड़ोसी के घर चले गए थे। इसी वजह से बड़ा हादसा टल गया। उधर, तहसीलदार भूपेंद्र कश्यप ने बताया कि राजस्व विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया है। प्रभावित परिवार को 25 हजार रुपये की राहत राशि प्रदान कर दी गई है, जबकि किरायेदार को आवश्यक राशन सामग्री उपलब्ध करवाई गई है।