चंबा। नगर परिषद चंबा के तहत विभिन्न वार्डों में खस्ताहाल रास्ते अब चकाचक होंगे। इसके अलावा जुलाहकड़ी पार्क का भी कायाकल्प किया जाएगा। नगर परिषद ने समस्त वार्डों में विकासात्मक कार्य करवाने के लिए टेंडर आमंत्रित किए हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद ये कार्य ठेकेदार को सौंपे जाएंगे। सभी कार्यों को तीन माह की अवधि के भीतर पूरा करना होगा।
जानकारी के मुताबिक नगर परिषद चंबा जुलाहकड़ी वार्ड के पार्क का सौंदर्यीकरण करेगी। इसके अलावा सुल्तानपुर वार्ड के माई बाग, परिधि गृह, हटनाला और सब्जी मंडी मार्गों को दुरुस्त किया जाएगा। इसके अलावा टीबी अस्पताल के समीप रास्ते और पार्क की मरम्मत का कार्य किया जाएगा।
हरदासपुरा वार्ड में कई जगह कंकरीट के डंगों का निर्माण किया जाएगा। गौरतलब है कि गत माह भारी बारिश के कारण रास्तों को नुकसान पहुंचा है। ऐसे में लोगों को आवाजाही करते समय हादसे का खतरा रहता है। नगर परिषद ने वार्ड बार नुकसान की रिपोर्ट तैयार की। बहरहाल, अब इन रास्तों के मरम्मत कार्य के लिए नगर परिषद ने कमर कस ली है। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अक्षित गुप्ता ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि करीब 50 लाख रुपये की राशि विभिन्न कार्यों पर खर्च की जाएगी। कहा कि टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। टेंडर आवंटन के बाद संबंधित ठेकेदार को तीन माह के भीतर ये कार्य पूरा करने होंगे।