चंबा। शहर के समीप हरदासपुरा चौक से मोड़ तक सड़क को चौड़ा किया जाएगा। राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण चंबा की ओर से जल्द इस कार्य को शुरू करने की तैयारी की जा रही है। माना जा रहा है कि उपायुक्त की अनुमति के बाद यह कार्य शुरू कर दिया है। अनुमति के लिए प्राधिकरण की ओर से उपायुक्त कार्यालय चंबा को पत्र भेजा गया है। सड़क के इस हिस्से के चौड़ा होने से जाम की समस्या भी खत्म हो जाएगी।
वर्तमान में यह हिस्सा काफी संकीर्ण है।
साथ ही निकासी नालियां भी खस्ताहाल हैं। बारिश में सड़क का यह हिस्सा तालाब में तब्दील हो जाता है। ऐसे में खासकर दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है। दरअसल, सड़क किनारे बिजली बोर्ड के खंभे और जल शक्ति विभाग की सीवरेज लाइनें भी हैं। इस वजह से यह कार्य काफी समय से लटका हुआ था। अब इस मामले को लेकर भी सहमति बन गई है।
एनएच प्राधिकरण की ओर से दोनों विभागों को होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए पांच लाख की राशि दी जाएगी। गौरतलब है कि एनएच प्राधिकरण की ओर से चरणबद्ध तरीके से हाईवे को चौड़ा किया जा रहा है। इससे पहले मुगला, करियां, रजेरा, कुरांह और मैहला में यह कार्य किया जा चुका है।
सड़क के 200 मीटर हिस्से को जहां चौड़ा किया जाएगा तो वहीं पक्की निकासी नालियों का भी निर्माण किया जाएगा। इसके लिए रिटेनिंग वॉल भी लगाई जाएगी जिससे आवासीय कॉलोनी को भी खतरा न हो।
राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण चंबा के अधिशासी अभियंता संजीव महाजन ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कार्य शुरू करने के लिए प्रशासन से अनुमति मांगी गई है। कहा कि अनुमति मिलते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।