पाकला के लिए बनेगी सड़क, ग्रामीणों में बंधी नई आस
लोक निर्माण विभाग की टीम ने पाकला में किया सर्वे
संवाद न्यूज एजेंसी
धरवाला (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र भरमौर के तहत ग्रामपंचायत बकाण के गांव पाकला के ग्रामीणों को सड़क सुविधा से जुड़ने की उम्मीद बंध गई है। चोरड़ू से पाकला तक सड़क निर्माण करने को लेकर लोक निर्माण विभाग की टीम ने सर्वे किया। इस दौरान काफी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे। विभागीय टीम ने सर्वे कर रिपोर्ट तैयार कर दी है। इसे आगामी कार्यवाही के लिए भेजा जाएगा। अगर यह सड़क बनती है तो क्षेत्र के करीब 250 ग्रामीणों को सड़क सुविधा मिलेगी। उन्हें पैदल आवाजाही करने से छुटकारा मिलेगा। ग्रामीणों केवल सिंह, दीपक वास, राजीव कुमार, जगमोहन, शशि कपूर, लक्ष्मण, त्रिलोक कपूर, मंजीत कुमार, भोलू आदि ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग वे काफी समय से उठा रहे हैं। बताया कि इस मामले के बारे में उन्होंने स्थानीय विधायक डॉ. जनक राज को भी अवगत करवाया। इसके बाद लोक निर्माण विभाग की टीम ने गांव में आकर सर्वे किया है।
भरमौर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. जनक राज का कहना है कि पाकला गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए लोक निर्माण विभाग की टीम ने सर्वे किया है। गांव को जल्द सड़क से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।