सरोल-बालू-चंबा मार्ग पर राठघारके समीप धंसी सड़क दे रही हादसे को न्योता। संवाद
सरोल/चंबा। बालू-सरोल-चंबा मार्ग पर राठघार के समीप सड़क का एक हिस्सा धंस जाने से राहगीरों और वाहन चालकों की चिंता बढ़ गई है। सड़क के किनारे दरारें पड़ने से इस मार्ग पर हादसे की आशंका बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो बरसात के दौरान स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है। यह मार्ग क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां से प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं।
सड़क के एक ओर गहरी ढलान होने के कारण जरा सी चूक वाहन को सीधे रावी नदी की ओर ले जा सकती है। ऐसे में चालक इस स्थान से बेहद सावधानी के साथ वाहन निकालने के लिए मजबूर हैं।
स्थानीय ग्रामीण आदित्य, शौर्य, तनिष गोस्वामी, अशोक कुमार, राकेश कुमार और जतिन सहित अन्य लोगों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से सड़क के धंसे हिस्से की तत्काल मरम्मत करने और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की मांग की है।
उनका कहना है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय विभाग को प्राथमिकता के आधार पर समस्या का समाधान करना चाहिए।
उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जोगेंद्र शर्मा ने बताया कि जल्द ही विभागीय कर्मचारियों को मौके पर भेजकर स्थिति का जायजा लिया जाएगा और समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।