चंबा हरदासपुर चौक के पास टूटा रोड़ लाइन डिटेक्टर पोल।संवाद
चंबा। भरमौर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर हरदासपुरा के समीप लगाए गए रोड लाइन डिटेक्टर पोल महज चार दिन में ही ढह गए, जिससे इस कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए नेशनल हाईवे प्रबंधन से जांच की मांग की है, ताकि संबंधित ठेकेदार और अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जा सके।
लोगों का कहना है कि 2 अगस्त को यह पोल मिंजर मेले के चलते सीएम दौरे से पहले लगाए गए थे, ताकि मार्ग की सजावट हो सके और वाहनों को दिशा संकेत मिल सके, लेकिन अब इन पोल की हालत यह है कि कई जगह से उखड़ चुके हैं और कुछ झुककर गिरने की कगार पर हैं। रमेश कुमार, शक्ति प्रसाद, सुरेंद्र सिंह, देवी चंद और राज कुमार समेत अन्य स्थानीय नागरिकों ने कहा कि यह सीधा-सीधा सरकारी राशि का दुरुपयोग है। सरकार दावे तो बहुत करती है कि काम में गुणवत्ता हो, लेकिन हकीकत सड़क किनारे पड़ी ये टेढ़ी लाठियां बयां कर रही हैं। उधर, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बताया कि मामला उनके ध्यान में आया है। जांच करवाई जाएगी। विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।