चंबा। गोइटा नाला से बेहीग्रां तक भले ही लोक निर्माण विभाग ने सड़क बना दी हो। लेकिन, आज भी यहां के लोगों को सड़क सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। जिस ठेकेदार को सड़क बनाने का कार्य दिया गया था। उसने सिर्फ मिट्टी को काटकर एक रास्ता बनाया है। जिस पर वाहनों की आवाजाही मुश्किल है। यही वजह है कि सड़क बनने के बाद भी लोगों को पैदल ही आवाजाही करनी पड़ रही है। सात साल पहले इस सड़क को बनाया गया था। लेकिन आज दिन तक वहां पर न तो बस चल पाई है और न ही छोटे वाहनों की सेवा लोगों को मिल पा रही है। कई स्थानों पर सड़क इतनी तंग है कि वहां कोई भी वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो जाए, इसलिए लोग इस रास्ते से अपने वाहन ले जाने में असमर्थ हैं।
स्थानीय निवासी मनु कुमार, नील सिंह, दिनेश कुमार, अजय कुमार, भवानी, राजेश और मान सिंह ने बताया कि सड़क का ग्रेड सुधारने के लिए वे सदर विधायक नीरज नैयर और लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को लिखित में शिकायत पत्र भी दे चुके हैं। जिस ठेकेदार ने यह सड़क बनाई है। उसके कार्य की जांच भी होनी चाहिए। क्योंकि सड़क बस योग्य बनी थी तो वहां बस चलनी चाहिए थी। उन्होंने प्रशासन व विभाग से मांग की है कि सड़क की हालत को शीघ्र सुधारा जाए। उधर, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार ने बताया कि सड़क में पेश आ रही समस्या को शीघ्र दूर किया जाएगा।