भरमौर (चंबा)। चौरासी व्यापार मंडल भरमौर की त्रैमासिक बैठक वीरवार को आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता कोर कमेटी के वरिष्ठ सदस्य टेक चंद ठाकुर ने की। बैठक में चंबा-भरमौर राष्ट्रीय उच्च मार्ग की खस्ताहाल स्थिति, मणिमहेश यात्रा के दौरान नेटवर्क बाधाओं, और सड़क सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जताई गई।
व्यापार मंडल के प्रधान रंजीत शर्मा ने कहा कि हाल की बारिशों से भरमौर हाईवे की स्थिति और खराब हो गई है, जिसे लेकर प्रदेश व केंद्र सरकार को कई बार अवगत करवाने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि यह मार्ग यात्रियों के लिए अब खतरनाक बन चुका है।
बैठक में भरमौर को वैकल्पिक सड़कों से जोड़ने की पुरानी मांग को दोहराया गया, ताकि आपात स्थिति या आपदा के समय लोगों को सुविधा मिल सके। मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सड़क और मोबाइल कनेक्टिविटी को लेकर भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जिसे भविष्य में रोकने के लिए अभी से जरूरी कदम उठाने की आवश्यकता बताई गई।
मंडल ने सरकार से जनजातीय क्षेत्र में तबादला नीति को सख्ती से लागू करने की मांग की, जिससे क्षेत्र में अधिकारियों की अनियमित तैनाती पर रोक लग सके और स्थानीय लोगों को समय पर सेवाएं मिल सकें। इसके साथ ही बैठक में हाल ही की आपदा के दौरान निशुल्क सेवा देने वाले व्यापारियों को सम्मानित करने का निर्णय भी लिया गया।
बैठक में नरेश वर्मा, जैसी राम ठाकुर, देश राज, आज़ाद जरियाल, तिलक शर्मा और अन्य व्यापारी व पदाधिकारी उपस्थित रहे।