कबायली क्षेत्र होली की कुठेहड़ पंचायत में निर्माणाधीन जल विद्युत परियोजना की एडिट एक के निर्माण कार्य में लगा एक मिल्लर खाई में गिर कर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जबकि इसके चालक की हादसे में एक टांग टूटने के साथ कई अन्य चोटें आई हैं।
बुधवार दोपहर साढ़े ग्यारह बजे हुए इस हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देकर घायल चालक को घटना स्थल से निकाल कर उपचार के लिए अस्पताल पहुुंचाया, जहां उसकी एक टांग टूटने और अन्य गंभीर चोटें आने की पुष्टि हुई।
होली चिकित्सालय के चिकित्सकों ने घायल को प्राथमिक उपचार देने के बाद आगामी उपचार के लिए क्षेत्रीय चिकित्सालय चंबा भेज दिया। हादसे में घायल चालक की पहचान गुलाम मोहम्मद उम्र 42 वर्ष पुत्र गुलाम नवी भट्ट निवासी गांव रामवन जम्मू के रूप में हुई है।
गौरतलब है कि लगातार होली में यह दूसरा वाहन हादसा है। इससे पहले मंगलवार को वरिष्ठ विद्यालय होली के पास एक पिकअप लुढ़कने से उसमें सवार चालक की बाजू टूट गई थी। जबकि पिकअप में बैठा दूसरा सवार बाल बाल बचा था।
उधर इस संबंध में डीएसपी हेडक्वार्टर वीर बहादुर ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। दुर्घटना के कारणों का पता चलते ही उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।