पांगी घाटी की साच पंचायत के चौरी जंगल में देवदार के पेड़ों पर चली कुल्हाड़ी
वन विभाग के रेंज कार्यालय के पास वनकाटुओं ने काट डाले 8 से 10 हरे पेड़
भेड़पालकों ने वायरल किया वीडियो, विभाग ने किया जांच के आदेश देने का दावा
संवाद न्यूज एजेंसी
पांगी (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र पांगी की पंचायत साच के दायरे में आने वाले चौरी जंगल में वन काटुओं ने देवदार के पेड़ों पर कुल्हाड़ी चला दी है।
जंगल में करीब 8 से 10 देवदार के हरे-भरे पेड़ काटे गए हैं। हैरानी की बात तो यह है कि जहां से देवदार के पेडा़ें का कटान किया गया है, वहां से वन विभाग का रेंज कार्यालय कुछ ही दूरी पर स्थित है। अवैध कटान का मामला सामने आने के बाद भी वन विभाग मामले में अभी तक कार्रवाई नहीं कर पाया है। उधर, विभाग जांच के आदेश देने का दावा कर रहा है। विभाग का कहना है कि जल्द स्थानीय लोगों के घरों की तलाशी लेने के लिए सर्च वारंट जारी किया जाएगा।
मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब इस जंगल से गुजर रहे भेड़पालकों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सवाल उठ रहा है कि किसी ने टीडी के तौर पर भी अगर इन पेड़ों को काटा है तो भी विभाग हरे पेड़ों को काटने की अनुमति नहीं देता है।
टीडी के तौर पर मिलने वाला पेड़ सूखा होना चाहिए। विभाग सूखे पेड़ों की ही टीडी के तौर पर देता है जबकि चौरी जंगल में हरे पेड़ों को काटा गया है। लोगों का कहना है कि गांव के नजदीक वाले जंगलों में ही ऐसे हालात हैं तो दूरदराज के जंगलों में क्या हो रहा होगा। लोगों ने सरकार से मांग की है कि इसकी छानबीन की जाए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
उधर, वन मंडल अधिकारी पांगी रवि गुलेरिया ने बताया कि उनके ध्यान में यह मामला आया है। उन्होंने मामले की जांच करने के आदेश जारी कर दिए हैं। इसके अलावा उन्होंने बताया कि जल्द ही स्थानीय लोगों के घरों में तलाशी के लिए सर्च वारंट जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ विभाग की ओर से नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पांगी उपमंडल के जंगल में कटे देवदार के ठूंठ और गिराया गया पेड़। वीडियो ग्रैब