चंबा अखंड चंडी पैलेस में महिला दिवस को लेकर कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुति देती आंगनबाड़ी कार्यकर
पारंपरिक लोक कला के लिए उत्कृष्ट कार्य के लिए रितिका, स्वच्छता गतिविधियों के लिए दीक्षा पुरस्कृत
अखंड चंडी महल के दरबार हॉल में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस एवं चंबा दिवस पर कार्यक्रम आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस एवं चंबा दिवस का आयोजन ऐतिहासिक अखंड चंडी महल के दरबार हॉल में हर्षोल्लास से किया गया। इसकी अध्यक्षता उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने की।
महिलाओं की उपलब्धियों, योगदान और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करने के लिए कार्यक्रम का आयोजन सेलिब्रेटिंग चंबा एंड द स्पिरिट ऑफ वुमन थीम पर किया गया।
उपायुक्त ने विविध क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। रिस्पांसिबल टूरिज्म के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए रेणु शर्मा, पारंपरिक लोक कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए कुमारी रितिका ठाकुर और व्यापक स्वच्छता गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान के लिए दीक्षा मेहरा को सम्मान मिला। उन्होंने इस दौरान 10वीं और 12वीं कक्षा में जिला चंबा का नाम रोशन करने वाली छात्राओं को क्रमशः 10 और 12 हजार की राशि के चेक भी वितरित किए।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि सहायक आयुक्त अपराजिता चंदेल, उपनिदेशक सैनिक कल्याण कैप्टन (सेवानिवृत्ति) अनुमेहा पाराशर और प्राचार्य जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान नम्रता शर्मा रहीं। उपायुक्त ने कहा कि समाज में वास्तविक समानता के लिए निरंतर ठोस और सामूहिक प्रयास की जरूरत है। उन्होंने कहा कि महिला दिवस पर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को सम्मानित किया जाता है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे स्तर पर होने वाला भेदभाव भी बच्चों के मनोवैज्ञानिक विकास को प्रभावित करता है। इसलिए आवश्यक है कि परिवारों में बच्चों के बीच किसी प्रकार का भेदभाव न किया जाए।