12 अक्तूबर को टेक चंद ने देखे थे गाेवंश के अवशेष, 13 को दोबारा गए तो मिली खाल और पूंछ
उपप्रधान के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही पुलिस, एक व्यक्ति हिरासत में लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। सिल्लाघ्राट क्षेत्र के जलेदा जंगल में गोवंश के अवशेष मिलने के मामले में घघरोता पंचायत के उपप्रधान के बयान के आधार पर पुलिस जांच कर रही है। मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।
उपप्रधान अमरो ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 12 अक्तूबर को छपरी गांव निवासी टेक चंद पुत्र जगदेव ने जंगल में गोवंश के अवशेष देखे थे। उन्होंने इसकी सूचना पंचायत उपप्रधान को दी। इसके बाद उपप्रधान टेक चंद को साथ लेकर देर शाम को घटनास्थल पर पहुंचे।
उपप्रधान के अनुसार, मौके पर गोवंश का सिर धड़ से अलग पड़ा था और धड़ पर मांस भी पूरा नहीं था। घटनास्थल पर लकड़ी का एक टोका भी पड़ा था। रात का अंधेरा होने के कारण वे यह स्पष्ट नहीं कर पाए कि गोवंश को किसी व्यक्ति ने मारा था या किसी जंगली जानवर ने उसका शिकार किया था। इसके बाद दोनों घर लौट गए।
उपप्रधान ने बताया कि 13 अक्तूबर को वह टेक चंद के साथ दोबारा घटनास्थल पर पहुंचे। इस दौरान उनके साथ होशियारा राम, देवेंद्र, चमनो, गजिंद्रो, हेमराज, देसराज और तिलको भी थे। मौके पर पहुंचने पर गोवंश का सिर गायब मिला, जबकि वहां खाल और पूंछ पड़ी थी। इसके बाद उन्हें गो हत्या की आशंका हुई और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर कार्रवाई की और उपप्रधान के बयान दर्ज किए। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि मामले में एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर गहनता से जांच कर रही है।