श्रद्धालुओं को बिना पंजीकरण नहीं दी जाएगी मणिमहेश जाने की अनुमति
एक मोबाइल फोन पर हो सकेगा अधिकतम 20 परिवारों का पंजीकरण
यात्रा के दौरान प्रबंधों को लेकर एसडीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
सलूणी (चंबा)। मणिमहेश यात्रा को लेकर सलूणी प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एसडीएम कार्यालय सलूणी में एसडीएम सुरेंद्र कुमार कटोच की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, पंजीकरण, यातायात व्यवस्था और ठहरने सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
एसडीएम ने बताया कि मणिमहेश यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं का लंगेरा में पंजीकरण किया जाएगा। एक मोबाइल फोन पर अधिकतम 20 परिवारों का पंजीकरण किया जा सकेगा। इस कार्य में संबंधित ब्लॉक के पंचायत सचिव और लोक मित्र केंद्र सहयोग करेंगे। बिना पंजीकरण श्रद्धालुओं को जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। मणिमहेश यात्रा की पहली छड़ी आज पहुंच सकती है। इसके चलते प्रशासन ने व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां और तेज कर दी हैं। भांदल और सलूणी में श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की गई।
एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। भीड़ और यातायात व्यवस्था पर निगरानी रखी जाए। एसडीएम, तहसीलदार और एसएचओ किहार सहित संबंधित अधिकारी मौके की स्थिति पर नजर रखेंगे।
डीएसपी ने रंजन शर्मा ने पुलिस की ओर से यात्रा मार्ग पर नियमित पेट्रोलिंग करने की बात कही। बैठक में तहसीलदार अभिराय सिंह ठाकुर, जलशक्ति विभाग के सहायक अभियंता सौरभ ठाकुर, एसएचओ जगवीर सिंह, हवलदार पवन कुमार, प्रधानाचार्य संजीव कुमार और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग से सुशील शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।