स्कूल मुखियाओं को उच्च शिक्षा विभाग के निर्देश, एक से पांच विद्यार्थियों का नामांकन अनिवार्य
नामांकन न करवाने वाले स्कूल मुखियाओं से लिया जाएगा जवाब : विकास महाजन
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। इंस्पायर अवार्ड-मानक के तहत ऑनलाइन नामांकन करवाने के लिए स्कूल मुखियाओं के पास अब केवल एक दिन का समय शेष है। नामांकन की अंतिम तिथि 15 सितंबर निर्धारित की गई है।
ऐसे में उच्च शिक्षा विभाग ने अभी तक नामांकन नहीं करवाने वाले स्कूलों के मुखियाओं को अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए सोमवार को ही प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
इस बार प्रशासन ने इंस्पायर अवार्ड-मानक के तहत प्रत्येक स्कूल से एक से पांच विद्यार्थियों का ऑनलाइन नामांकन करवाना अनिवार्य किया है। बावजूद इसके जिले के कुछ स्कूलों ने अभी तक निर्धारित प्रक्रिया पूरी नहीं की है। विभाग ने ऐसे स्कूलों को अंतिम अवसर देते हुए पात्र विद्यार्थियों के नामांकन समय पर करवाने के निर्देश दिए हैं।
इंस्पायर अवार्ड-मानक का उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान और नवाचार के प्रति रुचि बढ़ाना है। योजना के तहत विद्यार्थियों के नए विचारों और उपयोगी मॉडल को प्रोत्साहित किया जाता है। इसके लिए स्कूल स्तर पर विद्यार्थियों का चयन कर उनका ऑनलाइन नामांकन करवाया जाता है। प्रशासन ने इस बार नामांकन की संख्या को लेकर विशेष सख्ती बरती है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी स्कूल मुखिया निर्धारित संख्या में पात्र विद्यार्थियों का नामांकन करवाना सुनिश्चित करें। अंतिम तिथि तक प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले स्कूलों से इसका कारण पूछा जाएगा।
नामांकन नहीं हुआ तो जवाब देना होगा
इंस्पायर के जिला नोडल अधिकारी राकेश ठाकुर ने बताया कि सभी स्कूलों को पहले ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद यदि कोई स्कूल नामांकन नहीं करवाता है तो संबंधित स्कूल मुखिया से इसका जवाब लिया जाएगा।