पेट्रोलिंग वाहन भी चलाने की तैयारी, एनएचएआई ने प्रबंधन को भेजी मांग
स्वीकृति मिलते ही शुरू कर दी जाएगी सुविधा, चेतावनी बोर्ड भी लगाए जाएंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग-154ए पर सफर करने वाले यात्रियों को जल्द बेहतर आपातकालीन सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
एनएचएआई इस मार्ग पर पेट्रोलिंग व्हीकल, रिकवरी वैन और एंबुलेंस तैनात करने की तैयारी कर रहा है। ये सुविधाएं शुरू होने से दुर्घटना, वाहन खराब होने अथवा अन्य किसी आपात स्थिति में यात्रियों को तत्काल सहायता उपलब्ध करवाई जा सकेगी।
एनएचएआई के एसई परीक्षित शर्मा ने बताया कि प्रबंधन को लिखित मांग भेज दी है। स्वीकृति मिलने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-154ए पर इन्हें शुरू कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पेट्रोलिंग व्हीकल नियमित रूप से राष्ट्रीय राजमार्ग की निगरानी करेंगे। इससे सड़क की स्थिति पर नजर रखी जा सकेगी। किसी भी दुर्घटना, भूस्खलन या अन्य आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई होगी। दुर्घटनाग्रस्त अथवा खराब वाहनों को हटाने के लिए रिकवरी वैन व घायलों को तुरंत उपचार उपलब्ध करवाने के लिए एंबुलेंसी की व्यवस्था की जाएगी।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर विभिन्न स्थानों पर चेतावनी संकेतक (वार्निंग साइन) भी लगाए जा रहे हैं। इन पर सड़क सुरक्षा संबंधी आवश्यक चेतावनियों के साथ एनएचएआई अधिकारियों के संपर्क नंबर भी अंकित रहेंगे। इससे चालक संवेदनशील क्षेत्रों में अधिक सतर्कता के साथ वाहन चला सकेंगे।
एनएचएआई ऐसे संवेदनशील स्थलों की भी पहचान कर रहा है जहां बरसात या भूस्खलन के दौरान अकसर राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित हो जाता है। इन जगह जेसीबी मशीनें तैनात करने की योजना है। इन सभी व्यवस्थाओं के लागू होने से पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग-154ए पर यात्रा पहले की अपेक्षा अधिक सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक होगी।