चंबा। भरमौर-पठानकोट हाईवे पर बिना यातायात बंद किए आरसीसी गाडर ब्रिज बनाए जाएंगे। इसके लिए हाईवे प्रबंधन ने अपने स्तर पर प्रयास शुरू कर दिए हैं। जर्जर हो चुके पुराने पुलों को तोड़ने के बजाय प्रबंधन नए वैकल्पिक रास्ते तैयार करवा रहा है।
इससे वाहनों की रफ्तार पर किसी प्रकार की ब्रेक भी नहीं लगेगी। हाईवे प्रबंधन दो करोड़ का बजट खर्च कर बालू और चिम्मा में आरसीसी गाडर ब्रिजों का निर्माण करवाएगा। इसके लिए जून 2024 का लक्ष्य रखा है।
भरमौर-पठानकोट हाईवे पर रोजाना हजारों बड़े मालवाहक वाहनों समेत बसों, छोटे चौपहिया, दोपहिया वाहनों की आवाजाही रहती है। प्रतिदिन सैकड़ों लोग पैदल भी हाईवे पर आवाजाही कर जिला मुख्यालय समेत आसपास के क्षेत्रों में नौकरी, दिहाड़ी लगाने, शिक्षण संस्थानों में शिक्षा अर्जित करने के लिए पहुंचते हैं। हाईवे पर छोटे-छोटे जर्जर पुलों को तोड़कर नए आरसीसी गाडर ब्रिजों का निर्माण किया जाएगा। बालू नामक स्थान पर जर्जर हो चुके सीमेंट के पुल को तोड़कर 21 मीटर और चिम्मा में 10 मीटर आरसीसी गाडर ब्रिजों का निर्माण करवाया जाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया के बाद ठेकेदार को काम सौंप दिया है। अब विभाग सर्वप्रथम पुलों के साथ वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए आवाजाही के लिए रास्तों का निर्माण करवा रहा है। हाईवे प्रबंधन के कनिष्ठ अभियंता नितिन ने बताया कि बालू और चिम्मा में जर्जर पुलों को तोड़कर आरसीसी गाडर के ब्रिज बनाए जाएंगे।