चंबा। जवाहर नवोदय स्कूल सरोल में दसवीं कक्षा में पढ़ने वाला छात्र रावी नदी में नहाते समय डूब गया। यह मामला शुक्रवार दोपहर बाद सामने आया। मामले की सूचना मिलते ही सुल्तानपुर पुलिस चौकी से टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद छात्र को बेहोशी की हालत में रावी के बहाव से निकाला और उपचार के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
यहां छात्र को प्राथमिक उपचार दिया गया है। छात्र की पहचान विकास (15) पुत्र जोगिंद्र गांव कुठेड़ डाकघर डियूर तहसील सलूणी चंबा के रूप में हुई। प्राथमिक उपचार के बाद छात्र को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। छात्र दसवीं कक्षा में पढ़ाई करता है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर के समय छात्र नहाने के लिए रावी में उतरा था। इसी दौरान उसने नियंत्रण खो दिया और रावी नदी में बह गया। लोगों ने छात्र को डूबते देखा तो स्कूल प्रबंधन सहित पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्कूल प्रबंधन मौके पर पहुंचे। यहां युवक का रावी नदी से निकाला गया।
इसके बाद उसे उपचार के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। मगर छात्र की हालत में ज्यादा सुधार न होने पर उसे मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया गया है। एसपी चंबा डॉ. मोनिका ने बताया कि मामले के बारे में सूचना मिली है। सुल्तानपुरर पुलिस चौकी से टीम मौके पर पहुंची। मामले की जांच की जा रही है।