बनीखेत (चंबा)। कंटेनमेंट जोन के दायरे में आने वाली ग्राम पंचायत बैली के खड्डी गांव में प्रशासन ने बुधवार को लोगों को राशन मुहैया करवाया। इस गांव में कई लोग कोरोना संक्रमण से ग्रसित पाए गए हैं। इसके चलते गांव को कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। गांव में लोगों को अनावश्यक आवाजाही करने की मनाही है। लोगों को किसी प्रकार की परेशानी पेश न आए, इसके लिए प्रशासन की ओर से लोगों की सभी जरूरतों को पूरा किया जा रहा है। बुधवार को प्रशासन ने लोगों के लिए गांव में राशन मुुहैया करवाया। लोगों ने दो गज दूरी नियम की पालना करते हुए राशन लिया।
खड्डी गांव में बनीखेत पटवार सर्किल के पटवारी मुकेश ठाकुर ने राशन से भरी गाड़ी को खड्डी पहुंचाया और गांव में रहने वाले 70 परिवारों को राशन वितरित किया गया। गांव के लोगों तक सब्जी और राशन की व्यवस्था करने पर ग्रामीणों ने प्रशासन का आभार जताया है। एसडीएम डलहौजी जगन ठाकुर ने बताया कि खड्डी गांव के लोगों के लिए उनकी जरूरत के हिसाब से राशन की गाड़ी भेजी गई है। लोगों की जरूरतों को पूरा करने के लिए प्रशासन की ओर से हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।