डाइट चंबा में जिला स्तरीय इको क्लब क्षमता विकास कार्यशाला आयोजित
कार्यशाला में पर्यावरण शिक्षा को सशक्त बनाने पर की गई विस्तार से चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिले में पर्यावरण शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में डाइट सरू में एक दिवसीय जिला स्तरीय इको क्लब क्षमता विकास कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य स्कूल स्तर पर पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों को सुदृढ़ बनाना और शिक्षकों को प्रशिक्षित करना रहा, ताकि छात्र-छात्राएं प्रकृति के प्रति सजग बनें और टिकाऊ विकास की अवधारणा को समझें।
इस अवसर पर उच्च शिक्षा विभाग के उपनिदेशक भाग सिंह, प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक बलवीर सिंह, ओएसडी उमाकांत आनंद समेत गुणवत्ता उपनिदेशक कमलेश कुमारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने इको क्लबों की महत्ता को रेखांकित किया। कहा कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में पर्यावरणीय चेतना की अहम भूमिका है। उन्होंने विद्यालय स्तर पर इको क्लब गतिविधियों को नियमित और रचनात्मक रूप से आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यशाला में ओएसडी उमाकांत आनंदर ने 'मोटे अनाज का दैनिक जीवन में महत्व' विषय पर जानकारी दी। उन्होंने स्थानीय जड़ी-बूटियों की पहचान, उनके औषधीय गुण एवं संरक्षण की आवश्यकता पर विस्तृत व्याख्यान देकर उपस्थितों का ध्यान आकर्षित किया। प्रवक्ता जीव विज्ञान दीपक कुमार ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए। विज्ञान पर्यवेक्षक गौरव वैद ने कार्यशाला की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए शिक्षकों को विद्यालयों में इको क्लब के माध्यम से स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, दीवार लेखन, हर्बल गार्डन निर्माण, प्लास्टिक मुक्त अभियान जैसी रचनात्मक गतिविधियों को अपनाने के सुझाव दिए। कार्यक्रम में वर्ष 2023-24 के उत्कृष्ट इको क्लबों को भी सम्मानित किया गया। इसमें पहला स्थान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रायपुर, होबार स्कूल दूसरे और सेईकोठी, जडेरा और राजकीय डिग्री कॉलेज चुवाड़ी को संयुक्त रूप से तीसरा स्थान मिला।