भरमौर (चंबा)। मणिमहेश की डल झील में शुक्रवार रात से शुरू होने वाले छोटे शाही स्नान के लिए रवाना हुए शिवभक्तों के लिए लगातार बारिश बड़ी चुनौती बन गई है। बारिश से चंबा–भरमौर राष्ट्रीय उच्च मार्ग जगह-जगह भूस्खलन से प्रभावित हो रहा है। बावजूद इसके श्रद्धालु रेनकोट और छाते के सहारे यात्रा जारी रखे हुए थे। वीरवार को हडसर के गुईनाला के पास पत्थर गिरने से एक श्रद्धालु की मौत हो गई। इसके बाद प्रशासन ने हडसर से आगे श्रद्धालुओं की आवाजाही पर रोक लगा दी है।
फिलहाल मणिमहेश से वापस लौट रहे श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाला जा रहा है। बारिश से नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। सुंदरासी क्षेत्र में कई स्थानों पर नाले उफान पर हैं और जगह-जगह पत्थर गिर रहे हैं। हडसर से दोनाली तक मार्ग पर घोड़े, खच्चर और श्रद्धालुओं के एक साथ चलने से रास्ता और भी कच्चा हो गया है, जिससे फिसलन का खतरा बढ़ गया है। उधर, श्री मणिमहेश ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं एडीएम कुलबीर सिंह राणा ने कहा कि बारिश के दौरान यात्रा रोक दी गई है। श्रद्धालुओं से अपील है कि वे प्रशासनिक गाइडलाइन का पालन करें और मौसम सामान्य होने पर ही यात्रा जारी रखें। उल्लेखनीय है कि 15 अगस्त शाम को छोटे शाही स्नान का शुभ मुहूर्त शुरू होगा, जो कि शनिवार शाम तक रहेगा। इस पावन मुहूर्त के लिए शिव भक्त डल झील में डुबकी लगाते हैं।