जिले के साहो क्षेत्र में किसानों के चेहरों पर मुस्कान लाई बारिश की फुहार
खेतों में नमी होने से फसलों की पैदावार बढ़ने की जगी उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। साहो क्षेत्र में बारिश ने किसानों के चेहरे पर मुस्कान ला दी है। बारिश के बाद पालक, धनिया और मेथी जैसी हरी सब्जियों की फसल खेतों में लहलहा रही है जिससे किसानों को अच्छे उत्पादन की उम्मीद बढ़ गई है।
बारिश फसलों के संजीवनी बन गई है। किसानों का कहना है कि इस बार मौसम की मेहरबानी से सब्जियों की पैदावार सामान्य से कहीं बेहतर है। खेतों में तैयार हरी सब्जियों को किसान चंबा बाजार में बेच रहे हैं जहां उन्हें बेहतर दाम मिल रहे हैं। इससे उनकी मेहनत का फल सीधे तौर पर दिखाई दे रहा है और किसानों में खुशी का माहौल है।
किसानों में दीवान चंद, सोभिया राम, धर्म सिंह, हेम राल, शाम लाल और मान सिंह ने बताया कि सब्जियों की खेती में बीज और अन्य कृषि सामग्री महंगे दामों पर खरीदनी पड़ती है। ऐसे में अच्छी पैदावार मिलने से उन्हें आर्थिक राहत भी मिली है। बारिश के कारण खेतों में नमी बनी हुई है जिससे फसल की बढ़वार और गुणवत्ता बेहतर हो रही है। गेहूं की फसल भी बारिश से लाभान्वित हुई है। पहले जहां सूखे का डर बना था, अब फसल के अच्छे उत्पादन की उम्मीद बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि इस समय जितनी भी बारिश हो रही है, उससे फसलों और सब्जियों का उत्पादन और भी बढ़ेगा। कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. भूपेंद्र सिंह का कहना है कि मौसम इसी तरह अनुकूल बना रहे तो इस बार सब्जियों और गेहूं की पैदावार बढ़िया रहेगी जिससे किसानों की आय में वृद्धि होगी और मेहनत का सही फल मिलेगा। इस समय फसलों के लिए बारिश का होना काफी जरूरी था।